राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देवरिया के तत्वावधान में तहसील सलेमपुर अंतर्गत पांच ग्राम पंचायतों में विधिक सहायता केंद्र (लीगल एड क्लीनिक) का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देवरिया मनोज कुमार तिवारी ने किया। यह आयोजन जनपद न्यायाधीश श्री धनेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

खुखुन्दु, नोनापार, रतनपुरा, कुण्डौली एवं पिपरामिश्र ग्राम पंचायतों में लीगल एड क्लीनिक के उद्घाटन अवसर पर न्यायाधिकारी ग्राम न्यायालय सलेमपुर सक्षम शेखर एवं तहसीलदार सलेमपुर अलका सिंह उपस्थित रहीं। इस दौरान आमजन को उनके विधिक अधिकारों से अवगत कराने के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मनोज कुमार तिवारी ने कहा कि लीगल एड क्लीनिक का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंदों को न्याय तक पहुंच आसान बनाना है। उन्होंने वृद्धजनों, महिलाओं, विधवाओं एवं बच्चों से संबंधित कानूनों तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही बताया कि छोटे विवादों का समाधान ग्राम स्तर पर ही किया जाएगा।

न्यायाधिकारी सक्षम शेखर ने कहा कि इन केंद्रों पर आम लोगों को कानूनी सलाह व सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। तहसीलदार अलका सिंह ने भी शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।