कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में पेंशनर्स दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने पेंशनरों को शॉल ओढ़ाकर एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया। इस अवसर पर वरिष्ठ कोषाधिकारी देवरिया द्वारा भी पेंशनरों का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में पेंशनर संगठनों एवं पेंशनरों द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना पत्रों और ज्ञापनों पर जिलाधिकारी ने नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी देवरिया को निर्देशित किया गया कि पेंशनरों से संबंधित सभी लंबित चिकित्सीय प्रकरणों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर दो माह के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम के शुभारंभ पर पेंशनर सौदागार सिंह ने कविता पाठ प्रस्तुत किया। इसके बाद विभिन्न पेंशनर संगठनों के पदाधिकारियों एवं पेंशनरों ने अपनी समस्याओं और सुझावों से जिलाधिकारी को अवगत कराया।
इस अवसर पर अपर उप जिलाधिकारी अवधेश निगम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी अनिल कुमार गुप्ता, वरिष्ठ कोषाधिकारी अतुल कुमार पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पेंशनर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कोषाधिकारी अतुल कुमार पाण्डेय ने किया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
