मदनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खड़ेसर के खुशी टोला में संदिग्ध परिस्थितियों में एक नवविवाहिता का शव बंद कमरे में फंदे से लटकता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना सोमवार की आधी रात की बताई जा रही है। ससुरालियों द्वारा शव देखे जाने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की पहचान सविता (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जिनकी शादी नवंबर माह में गांव निवासी नंदलाल यादव, पुत्र वकील यादव, से हुई थी। बताया जा रहा है कि दोनों ने प्रेम विवाह किया था।
घटना की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है। घटना के कारणों की जांच के लिए फोरेंसिक टीम की भी मदद ली जा रही है। साथ ही पुलिस परिजनों और स्वजनों से पूछताछ कर रही है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष नंदा प्रसाद ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
