देवरिया। बिगड़ते मौसम के साथ शहर की हवा भी लगातार खराब होती जा रही है, जिससे आम लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। हालात ऐसे हो गए हैं कि सुबह-शाम टहलना भी सुरक्षित नहीं रह गया है। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। जरूरी होने पर पूरे कपड़े पहनकर और मास्क लगाकर ही बाहर निकलने की हिदायत दी जा रही है।
आसमान में घने कोहरे के साथ वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) भी लगातार खराब स्थिति में बना हुआ है। बृहस्पतिवार की सुबह एक्यूआई 185 दर्ज किया गया, जो शाम होते-होते बढ़कर 322 पहुंच गया। दिनभर वाहनों की आवाजाही और ठंड से बचाव के लिए जगह-जगह आग जलाने के कारण हवा और अधिक प्रदूषित हो गई। इसके चलते लोगों को सांस लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ा।
लगातार कई दिनों से छाए कोहरे और धुंध के कारण पहले से अस्थमा व एलर्जी से पीड़ित मरीजों की परेशानी और बढ़ गई है। ऐसे मरीजों की संख्या महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में बढ़ रही है।
टीबी व श्वास रोग विभाग की ओपीडी में प्रतिदिन लगभग 200 मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं, जिनमें करीब 50 प्रतिशत मरीज सांस संबंधी समस्याओं से ग्रसित हैं। विभागाध्यक्ष डॉ. अनुराग शुक्ला ने बताया कि 100 से अधिक एक्यूआई को खतरे का संकेत माना जाता है। खराब हवा का सबसे अधिक असर सांस रोगियों पर पड़ता है।
डॉक्टरों ने सलाह दी है कि ऐसे मरीज बाहर निकलते समय मास्क जरूर पहनें, सुबह की सैर से बचें और घर पर ही व्यायाम करें। साथ ही गर्म कपड़े पहनें, नियमित रूप से इनहेलर का उपयोग करें और किसी भी तरह की लापरवाही से बचें।
