काली स्थान रोड स्थित द बिहार विकास विद्यालय के ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने बिहार ओपन स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय के साथ-साथ पूरे गोपालगंज जिले का नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में 8 स्वर्ण, 2 रजत एवं 3 कांस्य पदक जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
विद्यालय के निदेशक अनिल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बिहार ओपन स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप का आयोजन 24 से 27 तारीख तक शेखपुरा (बिहार) में किया गया था। इस प्रतियोगिता में विद्यालय के कुल 13 खिलाड़ियों ने भाग लिया और सभी खिलाड़ियों ने पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता से लौटने पर खिलाड़ियों का विद्यालय परिसर में भव्य और गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के एचआर प्रदीप कुमार वर्मा, खेल शिक्षक धनंजय गिरी एवं ताइक्वांडो प्रशिक्षक आर्यन पाण्डेय मौजूद रहे।
स्वर्ण पदक विजेताओं में सागर प्रजापति, अंश पाण्डेय, श्रेय कुमारी, अर्पित तिवारी, शुभम ठाकुर, अन्नपूर्णा कुमारी, सौम्या सिंह एवं प्रियम राय शामिल हैं। वहीं अनुष्का एवं राजदीप ने रजत पदक, जबकि अंशिका, आरव एवं अभिज्ञान ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय और जिले को गौरवान्वित किया।
विद्यालय के निदेशक ने बताया कि सभी पदक विजेता खिलाड़ियों का चयन दूसरे फेडरेशन कप ताइक्वांडो प्रतियोगिता 2025–26 के लिए किया गया है, जो 18 जनवरी से 24 जनवरी तक एसएमएस इंडोर स्टेडियम, जयपुर (राजस्थान) में आयोजित होगी। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों को अग्रिम बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
