देवरिया–गोरखपुर मुख्यमार्ग पर नौगांवा मोड़ के पास मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जानवर को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई, जिससे बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार गोरखपुर जिले के एम्स थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भत्ता कूड़ाघाट निवासी रवि निषाद (18) पुत्र राजू निषाद अपने पड़ोसी चंद्रेश निषाद (20) पुत्र सुभाष निषाद के साथ किसी कार्य से गौरी बाजार आए थे। देर शाम वापस लौटते समय भटौली बुजुर्ग स्थित नौगांवा मोड़ के पास अचानक सड़क पर जानवर आ गया, जिसे बचाने के दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रक से जा टकराई।

हादसे में रवि निषाद को सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि चंद्रेश निषाद का एक हाथ और एक पैर फ्रैक्चर हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा।