गोरखपुर से वाराणसी (बनारस) जा रही 15103 इंटरसिटी एक्सप्रेस में मंगलवार शाम उस समय अफरातफरी मच गई, जब बैतालपुर तेल डिपो के सामने डी-2 कोच में ब्रेक जाम होने के कारण अचानक धुआं उठने लगा। धुआं देखते ही यात्रियों ने सतर्कता दिखाते हुए चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका और अग्निशमन यंत्र की मदद से आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

ट्रेन शाम 4.17 बजे गोरखपुर से रवाना हुई थी और चौरीचौरा स्टेशन पर ठहराव के बाद 4.57 बजे देवरिया की ओर बढ़ी। गौरी बाजार और बैतालपुर के बीच डी-2 कोच में धुआं भरते ही यात्रियों में घबराहट फैल गई। ट्रेन रुकते ही कुछ यात्री नीचे उतर आए। गोरखपुर से सलेमपुर जा रहे यात्रियों ने सूझबूझ दिखाते हुए करीब 10 मिनट में अग्निशमन यंत्र से आग बुझा दी।

घटना के बाद ट्रेन लगभग 20 मिनट तक मौके पर खड़ी रही। जांच के बाद स्थिति सामान्य पाए जाने पर ट्रेन को देवरिया सदर स्टेशन के लिए रवाना किया गया। स्टेशन अधीक्षक संदीप भटनागर ने बताया कि डी-2 कोच में ब्रेक जाम होने से घर्षण बढ़ा, जिससे धुआं उठा और ट्रेन करीब 20 मिनट विलंबित हुई।