गोपालगंज: नए साल 2026 के पहले दिन बिहार के प्रसिद्ध थावे शक्तिपीठ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। माता थावे भवानी के दर्शन के लिए गोपालगंज सहित बिहार के कई जिलों और पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश से लाखों भक्त पहुंचे।

कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। ब्रह्ममुहूर्त से ही लंबी कतारें लग गईं, जो मंदिर परिसर से मुख्य सड़क तक फैल गईं। जय माता दी के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।

भीड़ को देखते हुए प्रशासन और मंदिर न्यास समिति ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, पुरुष-महिला के लिए अलग कतारें, पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की गई।

श्रद्धालुओं की भीड़ से स्थानीय बाजारों में भी रौनक रही। नववर्ष का यह पहला दिन आस्था, विश्वास और समरसता का प्रतीक बन गया।