गोपालगंज: सर्द हवा और ठंड के बावजूद जिलेभर में नववर्ष 2026 का जोरदार स्वागत किया गया। नए साल की उमंग में लोग सुबह से ही जश्न में डूबे नजर आए। तड़के छह बजे से ही थावे दुर्गा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगी। हजारों भक्तों ने मां भवानी के दर्शन कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

नववर्ष के मौके पर थावे मंदिर से सटे जंगल और पार्क पिकनिक स्पॉट में तब्दील हो गए। पूरे दिन लोगों का हुजूम पिकनिक मनाने पहुंचता रहा। वहीं हथुआ पुराना किला, मंगलपुर पुल, सबेया एयरपोर्ट मैदान और गोपाल मंदिर भी लोगों की पसंदीदा जगह बने रहे।

महिलाएं और पुरुष पकवान बनाने में जुटे दिखे, जबकि युवा फिल्मी और भोजपुरी गीतों पर झूमते नजर आए। जिले के साथ-साथ सिवान और उत्तर प्रदेश के देवरिया व पडरौना से भी बड़ी संख्या में लोग पिकनिक मनाने पहुंचे।

रात 12 बजे पटाखों की गूंज और शुभकामना संदेशों के साथ नववर्ष का स्वागत किया गया, जिसका उत्साह गुरुवार भर बना रहा। नववर्ष का यह दिन आस्था, उल्लास और सामूहिक आनंद का प्रतीक बन गया।