भागलपुर। बीपीएल क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें रजत इलेवन क्रिकेट क्लब भागलपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाबा कालीचरण क्रिकेट क्लब को 24 रनों से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।

फाइनल मैच का शुभारंभ विशिष्ट अतिथि जगत जायसवाल और मुख्य अतिथि ज्ञान प्रकाश यादव ने फीता काटकर किया। टॉस जीतकर बाबा कालीचरण क्रिकेट क्लब ने पहले फील्डिंग करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करते हुए रजत इलेवन क्रिकेट क्लब ने निर्धारित ओवरों में दमदार खेल दिखाया और जीत के लिए 144 रनों का लक्ष्य रखा।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी बाबा कालीचरण क्रिकेट क्लब की टीम संघर्ष करती नजर आई और निर्धारित 10 ओवरों में 116 रन ही बना सकी। रजत इलेवन के गेंदबाजों ने अंतिम ओवरों में कसी हुई गेंदबाजी कर मैच को पूरी तरह अपने पक्ष में कर लिया।

प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए अभिषेक सिंह को मैन ऑफ द सीरीज और रजत सिंह को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। जीत के बाद रजत इलेवन टीम और समर्थकों में जश्न का माहौल देखने को मिला।