कृषि क्षेत्र में निर्यात को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिले में क्षमता एवं संवेदीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बुधवार को जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय, भुजौली कॉलोनी, देवरिया परिसर में जिला उद्यान अधिकारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में जिला उद्यान अधिकारी रामसिंह ने औद्यानिक फसलों की उपयोगिता तथा उद्यान विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने जनपद में निर्यात की दृष्टि से महत्वपूर्ण औद्यानिक फसलों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
एपीडा के क्षेत्रीय एसोसिएट शुभम राय ने कृषि और औद्यानिक फसलों के निर्यात की संभावनाओं, लाभ-हानि, उपयुक्त फसलों के चयन और आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन के बारे में किसानों को जागरूक किया।
कृषि ज्ञान केन्द्र के प्रभारी संतोष चतुर्वेदी ने किसानों को एकल कृषि से हटकर औद्यानिक फसलों की ओर बढ़ने और कृषक उत्पादक संगठनों, यानी एफपीओ से जुड़कर निर्यात बढ़ाने की सलाह दी। वहीं कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मांधाता सिंह ने गुणवत्तापूर्ण निर्यात पर जोर देते हुए चावल, मिर्च और हल्दी के निर्यात की संभावनाओं को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में पूर्वांचल प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के प्रबंधक वेदव्यास सिंह ने एफपीओ के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने के उपाय बताए। अंत में जिला उद्यान अधिकारी ने सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।
