गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र अंतर्गत चनावे स्थित मंडल कारा में बंद सजायाफ्ता और विचाराधीन कैदियों के कल्याण की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई है। श्रम अधीक्षक के निर्देशन में श्रम विभाग के माध्यम से कारा परिसर में विशेष शिविर का आयोजन कर बुधवार को ई-श्रम कार्ड बनाए गए। इस शिविर में कुल 32 विचाराधीन बंदियों का ई-श्रम कार्ड सफलतापूर्वक तैयार किया गया।
ई-श्रम कार्ड बनने से इन बंदियों को भविष्य में श्रम विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा, जिससे उनका सामाजिक और आर्थिक पुनर्वास आसान होगा। शिविर के दौरान बंदियों को ई-श्रम योजना से जुड़ी सुविधाओं और लाभों की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में मंडल कारा के कारा अधीक्षक सत्येन्द्र कुमार सिंह, उपाधीक्षक सोहन कुमार, सहायक अधीक्षक सह बंदी कल्याण पदाधिकारी रौशन शर्मा उपस्थित रहे। वहीं श्रम विभाग की ओर से थावे, गोपालगंज के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी पूर्णमणि प्रजापति सहित तीन डाटा एंट्री ऑपरेटरों ने शिविर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कारा प्रशासन ने बताया कि आगे भी बंदियों के हित में ऐसे कल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि सजा पूरी करने या जमानत पर रिहा होने के बाद वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।
