गोपालगंज जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गोपालगंज के तत्वावधान में आज दिनांक 07 जनवरी 2026 को मुखी राम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गोपालगंज में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं और आम जनता को नशा के दुष्प्रभावों, नशा मुक्त भारत योजना 2025, पर्यावरण कानूनी साक्षरता एवं सामुदायिक संरक्षण तथा नालसा जागृति योजना 2025 के बारे में जागरूक करना रहा।
इस कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ता विनीत कुमार एवं पीएलवी निधीकांत तिवारी की टीम ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को नालसा (डाउन) नशा के प्रति जागरूकता और नशा मुक्त भारत योजना 2025 के अंतर्गत नशा के दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ड्रग्स एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से स्वास्थ्य पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है और यह युवाओं के भविष्य को अंधकारमय बना देता है। साथ ही बिहार उत्पाद अधिनियम, ड्रग तस्करी और ड्रग दुरुपयोग से जुड़े कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि आज की युवा पीढ़ी किस तरह नशा के चंगुल में फंसती जा रही है, ऐसे में अभिभावकों को अपने बच्चों के खान-पान, रहन-सहन और सामाजिक परिवेश पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। नालसा (जागृति – जस्टिस अवेयरनेस फॉर ग्रासरूट इनफार्मेशन एंड ट्रांसपेरेंसी इनिशिएटिव) स्कीम 2025 के अंतर्गत बताया गया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और वंचित वर्गों तक मुफ्त कानूनी सहायता और न्याय पहुंचाना है, ताकि महिलाओं, मजदूरों, वृद्धों और बच्चों सहित सभी को एक फोन कॉल पर कानूनी सहायता मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों के बीच नालसा की विभिन्न योजनाओं से संबंधित हैंडबिल भी वितरित किए गए। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
