गोपालगंज। नगर थाना क्षेत्र के बंजारी बाईपास के समीप बुधवार देर रात घने कोहरे के कारण एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। एनएच 27 पर खड़ी गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर एक ट्रेलर पलट गया। हादसे में ट्रेलर पर सवार चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए मॉडल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों की निगरानी में जारी है। घायलों की पहचान उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के धूमल थाना क्षेत्र अंतर्गत पंडितपुरा गांव निवासी खूब लाल यादव के पुत्र भूपेंद्र कुमार, सुरेंद्र यादव तथा दो मुंहा थाना क्षेत्र के लोहरा मोड़ गांव निवासी रमेश कुमार के पुत्र अमरजीत कुमार के रूप में हुई है।
बताया गया कि तीनों ट्रेलर पर सवार होकर सुल्तानपुर जिले के जगदीशपुर से गेहूं लोड कर पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी जा रहे थे। बंजारी बाईपास के पास घने कोहरे के कारण सड़क पर खड़ी गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली दिखाई नहीं दी, जिससे ट्रेलर सीधे उससे टकरा गया और अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में अमरजीत का सिर ट्रेलर के शीशे से टकराने से शीशा टूट गया, जबकि सुरेंद्र यादव ट्रेलर से बाहर गिरकर घायल हो गए। चालक भूपेंद्र कुमार वाहन में दब गए, जिन्हें जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
