देवरिया। मकर संक्रांति के पर्व को लेकर जिले के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। लाई, भूजा और गुड़ की बिक्री में खासा उछाल आया है। रविवार को भी बाजार में लाई-भूजा की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। बढ़ती मांग को देखते हुए दुकानदारों को इस वर्ष बेहतर कारोबार की उम्मीद है, जिससे उनमें खासा उत्साह देखा जा रहा है।

मकर संक्रांति के चलते न सिर्फ शहर बल्कि आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी लोग खरीदारी के लिए बाजार पहुंच रहे हैं। शहर के व्यवसायी जयप्रकाश ने बताया कि जिले में भूजा और रेडीमेड लाई की भारी मांग है, जिसके लिए पहले से तैयारी कर ली गई है। वहीं युवा व्यवसायी राकेश ने बताया कि इस बार खासतौर पर भूजा की बिक्री में तेजी आई है।

बाजार में चावल का भूजा 40 से 50 रुपये प्रति किलो और चिउड़ा का भूजा 60 से 70 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। लाई बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाला गुड़ 50 रुपये प्रति किलो के भाव से मिल रहा है। कई लोग भूजा और गुड़ खरीदकर घर पर ही लाई तैयार कर रहे हैं।

वहीं शहरी ग्राहकों में रेडीमेड लाई की मांग अधिक देखी जा रही है। व्यवसायी अमित के अनुसार लोग घर पर लाई बनाने के बजाय तैयार लाई खरीदना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। भूजा से बनी लाई 120 रुपये प्रति किलो और चिउड़ा के भूजा से बनी लाई 140 रुपये प्रति किलो बिक रही है। पूजा-पाठ में इस्तेमाल होने वाली तिल की लाई की कीमत 400 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है।