जिले में मेडिकल कॉलेज के निर्माण को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। वर्षों से चली आ रही मांग एक बार फिर चर्चा में है। इसी क्रम में सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन ने पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर मेडिकल कॉलेज को थावे प्रखंड के चनावे में ही स्थापित करने की मांग रखी है।

सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन ने बताया कि गोपालगंज में मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लेकर वे लगातार प्रयास कर रहे हैं, ताकि जिले के लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा पहले ही गोपालगंज में मेडिकल कॉलेज बनाने की घोषणा की जा चुकी है, ऐसे में अब इसके स्थान को लेकर स्पष्ट निर्णय जरूरी है।

सांसद ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि मेडिकल कॉलेज का निर्माण चनावे में कराया जाए, क्योंकि यह स्थान भौगोलिक दृष्टि से उपयुक्त है और यहां पर्याप्त भूमि भी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि चनावे में कॉलेज बनने से जिले के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों को भी लाभ मिलेगा। वहीं, इस मांग को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।