गोपालगंज: जिले को बुधवार को नया पुलिस अधीक्षक मिल गया। आईपीएस अधिकारी विनय तिवारी ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कार्यालय में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के मौके पर पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिले के वरीय पुलिस पदाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।

पदभार ग्रहण करने के बाद एसपी विनय तिवारी ने स्पष्ट कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने की बात कही। आम जनता की सुरक्षा, शांति व्यवस्था बनाए रखना और निष्पक्ष पुलिसिंग सुनिश्चित करना उनकी कार्ययोजना का अहम हिस्सा रहेगा।

नए एसपी ने पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर देते हुए कहा कि लोग बिना भय के अपनी समस्याएं पुलिस के सामने रख सकें, इसके लिए थानों को अधिक सक्रिय, जवाबदेह और संवेदनशील बनाया जाएगा। फरियादियों की शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। इसके साथ ही साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

एसपी विनय तिवारी ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को टीम भावना के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से ही जनता का विश्वास जीता जा सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिले को अपराधमुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।