देवरिया जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना श्रीरामपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान 16 पेटी अवैध देशी शराब के साथ दो अंतर्राज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक देवरिया श्री संजीव सुमन के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्री सुनील कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी श्री अंशुमन श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष डॉ. महेन्द्र कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने दिनांक 15.01.2026 को थाना क्षेत्र अंतर्गत बंकुल रोड टोला अहिबरन राय के पास चेकिंग के दौरान दो मोटरसाइकिलों पर ले जाई जा रही अवैध शराब पकड़ी।
पुलिस ने 02 बोरियों में रखी 16 पेटी देशी शराब ब्राण्ड बन्टी बबली बरामद की। प्रत्येक पेटी में 45 पाउच थे, जिनकी कुल मात्रा 144 लीटर आंकी गई है। मौके से दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गईं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रीतम कुमार निवासी सिवान (बिहार) और आदर्श कुमार निवासी गोपालगंज (बिहार) के रूप में हुई है।
इस संबंध में थाना श्रीरामपुर पर आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये और जब्त मोटरसाइकिलों की कीमत लगभग एक लाख रुपये है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
