गोपालगंज।
नगर थाना क्षेत्र के सेमरा मदरसा के समीप बुधवार की सुबह बाइक सवार बदमाशों ने ई-रिक्शा पर सवार एक महिला का पर्स छीन लिया। वारदात के दौरान महिला चलती ई-रिक्शा से सड़क पर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को इलाज के लिए मॉडल सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार किया गया।
घायल महिला की पहचान थावे थाना क्षेत्र के अममैठी खुर्द गांव निवासी अब्दुल कलीम की पत्नी रुखसाना खातून के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला अपनी सास और एक गोतनी के साथ उचकागांव थाना क्षेत्र के पिपराही गांव गई हुई थी। बुधवार की सुबह लौटने के दौरान वे थावे पहुंचीं और वहां से ई-रिक्शा पर सवार होकर गोपालगंज शहर आ रही थीं।
इसी दौरान सेमरा मदरसा के पास पीछे से बाइक पर सवार दो बदमाश आए और ओवरटेक करते हुए रुखसाना खातून के हाथ से पर्स छीन लिया। पर्स छीनने के क्रम में महिला संतुलन बिगड़ने से ई-रिक्शा से नीचे गिर गई और घायल हो गई। वारदात के बाद बदमाश तेज रफ्तार में फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर महिला के परिजन, जिसमें उसका बेटा भी शामिल था, सदर अस्पताल पहुंचे। परिजनों के अनुसार पर्स में नकदी समेत अन्य सामान था, लेकिन महिला सदमे में होने के कारण पर्स में मौजूद सामान का सही विवरण नहीं दे सकी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
