गोपालगंज। सदर अस्पताल परिसर में गुरुवार को इलाज कराने आई एक महिला का पर्स अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिया। पर्स में रखे दस हजार रुपये चोरी हो जाने के बाद पीड़ित महिला का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के फतहा गांव निवासी नेयाज अहमद की पुत्री अम्बेय खातुन और खुश्बू खातुन बीपी की जांच कराने के लिए सदर अस्पताल पहुंची थीं। दोनों महिलाएं इमरजेंसी वार्ड में पर्चा कटवाने के लिए पर्ची काउंटर पर खड़ी थीं। इसी दौरान काउंटर के पास मौजूद भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने महिला के पर्स की चोरी कर ली।

पर्स चोरी होने की जानकारी मिलते ही पीड़ित महिला ने मौके पर मौजूद सुरक्षागार्ड को घटना की सूचना दी। पर्स में रखी नकदी को लेकर महिला काफी व्यथित नजर आई। सूचना मिलने पर सुरक्षागार्ड ने नगर थाना पुलिस को मामले से अवगत कराया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही चोर की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।