गोपालगंज। नगर थाना क्षेत्र के हरखुआ गांव के समीप पुलिस ने बिजली के तार की चोरी कर ले जा रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से करीब नौ किलो एल्यूमिनियम का बिजली तार बरामद किया है। गिरफ्तार तीनों आरोपितों को पूछताछ के बाद गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया।
जानकारी के अनुसार, नगर थाना पुलिस की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ युवक टूटे हुए बिजली के तार को काटकर चोरी कर रहे हैं और बोरी में भरकर ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हरखुआ गांव के पास छापेमारी की और तीन युवकों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शहर के जंगलिया मोहल्ला निवासी प्रेम कुमार, राजा यादव और सुदई ठाकुर के रूप में की गई है। पुलिस ने इनके पास से चोरी किए गए करीब नौ किलो एल्यूमिनियम के बिजली तार को जब्त किया है।
नगर थाना पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपितों से पूछताछ के दौरान अन्य चोरों के संबंध में भी अहम जानकारी मिली है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चला रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
