गोपालगंज। शराब के खिलाफ जीरो टोलरेंस नीति के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए यूपी से शराब की खेप लेकर कुचायकोट जा रहे एक कारोबारी को गिरफ्तार किया है। विशंभरपुर थाना क्षेत्र के भोजछापर तिरमुहानी के पास पुलिस ने शराब से लदा टेंपू जब्त कर तस्कर को दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार, एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर सीमा क्षेत्र में वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि यूपी से शराब लेकर एक तस्कर कुचायकोट की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मुकेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस की तीन टीमों ने घेराबंदी कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान बॉर्डर इलाके से आ रहे टेंपू को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 104 लीटर बंटी बबली देशी शराब बरामद की गई। मौके से टेंपू चालक सह तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार तस्कर की पहचान कुचायकोट थाना क्षेत्र के चौराव गांव निवासी प्रवीन कुमार चौधरी के रूप में हुई है।
पुलिस ने उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज करते हुए वाहन मालिक को भी नामजद किया है। गिरफ्तार तस्कर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि शराब तस्करी पर लगाम लगाने के लिए बॉर्डर इलाके में लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
