गोपालगंज। एसपी विनय तिवारी के सख्त निर्देश पर कुचायकोट पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की है। एनएच-27 स्थित बाल्थरी चेक पोस्ट पर की गई जांच के दौरान एक ट्रक से 989 कार्टन यानी लगभग 8,816 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई, जबकि एक तस्कर को मौके से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, तस्कर धान की भूसी के नीचे छिपाकर पंजाब से बिहार शराब ला रहा था। जब्त शराब की अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। इससे पहले एसपी विनय तिवारी ने देर रात बाल्थरी चेक पोस्ट का निरीक्षण कर अधिकारियों को शराब तस्करी रोकने के लिए सख्त दिशा-निर्देश दिए थे।

फिलहाल जब्त ट्रक और शराब को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की भी पहचान करने में जुटी है।