गोपालगंज शहर के हजियापुर मोहल्ला स्थित शिव मंदिर परिसर से शुक्रवार को श्रद्धा और आस्था से भरपूर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में 501 महिलाओं ने भाग लिया, जिन्होंने सिर पर कलश धारण कर गाजे-बाजे और भक्ति गीतों के साथ पैदल करीब पांच किलोमीटर की दूरी तय की।
यात्रा हजियापुर शिव मंदिर से निकलकर जगीरी टोला स्थित गंडक नदी के तट तक पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधि-विधान से कलश में पवित्र जल भरा गया। इसके बाद सभी महिलाएं कलश लेकर पुनः मंदिर परिसर लौटीं, जहां धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना की प्रक्रिया आरंभ हुई।
पूरे मार्ग में हर-हर महादेव के जयकारों और भक्ति भजनों से माहौल भक्तिमय बना रहा। स्थानीय लोगों ने जगह-जगह श्रद्धालुओं का स्वागत किया और प्रसाद का वितरण किया। इससे आयोजन में उत्साह और भक्ति का संचार हुआ।
मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि यह कलश यात्रा शिवलिंग स्थापना कार्यक्रम के तहत आयोजित की गई है। रविवार को मंदिर परिसर में पूरे विधि-विधान और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शिवलिंग की स्थापना की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर समिति के मनोज कुमार मिश्रा, सुनील कुमार पटेल, राजन कुमार दूबे, दिलेश कुमार सिंह, झुलन सिंह, राजन तिवारी सहित अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। आयोजन को लेकर पूरे मोहल्ले में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
