देवरिया।
10/02/2026 मंगलवार को जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत व्यापक अभियान चलाया गया। इस अवसर पर 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोर-किशोरियों को पेट के कीड़े निकालने की दवा खिलाई गई। अभियान का औपचारिक शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश चंद्र तिवारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने पीएमश्री कस्तूरबा गांधी बालिका इंटर कॉलेज में छात्राओं के साथ दवा का सेवन कर किया।
अभियान के दौरान जिले के चयनित पेशेंट स्टेक होल्डर प्लेटफार्म ब्लॉकों में ग्राम प्रधान, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, एएनएम, शिक्षक, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और फाइलेरिया मरीजों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को दवा के लाभ समझाए गए और उन्हें सुरक्षित रूप से कृमिनाशक दवा दी गई। इस दौरान छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं और स्वास्थ्य से जुड़े संदेशों का प्रसार किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश चंद्र तिवारी ने कहा कि पेट में कृमि संक्रमण को रोकने के लिए यह दवा बेहद जरूरी है। जिले में लगभग 17 लाख से अधिक लाभार्थियों को दवा देने का लक्ष्य रखा गया है। जो बच्चे 10 फरवरी को दवा नहीं ले सके, उन्हें 13 फरवरी को मॉप-अप राउंड में दवा दी जाएगी।
सीएमओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि कृमि संक्रमण से खून की कमी, कुपोषण, थकान और कमजोरी जैसी समस्याएं होती हैं। इससे बचाव के लिए हर छह महीने में दी जाने वाली यह दवा पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने अभिभावकों, शिक्षकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे छूटे हुए बच्चों को मॉप-अप राउंड में दवा अवश्य दिलाएं।
कार्यक्रम में नोडल अधिकारी डॉ. अजीत, डिप्टी सीएमओ डॉ. आरपी यादव, डॉ. अश्विनी पाण्डेय, डॉ. हरेंद्र कुमार, डीएमओ सीपी मिश्रा, डीपीएम पूनम, विश्वनाथ मल्ल सहित विद्यालय के शिक्षक और छात्राएं मौजूद रहीं।
