गोपालगंज शहर के सिनेमा रोड स्थित काली मंदिर के समीप बाइक सवार उचक्कों ने कार पर मोबिल गिराकर चालक को झांसा दिया और मौका पाते ही कार में रखा महिला का पर्स लेकर फरार हो गए। पर्स में सोने की अंगूठी, मोबाइल और आठ हजार रुपये नकद थे। शिकायत मिलने के बाद नगर थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

शहर के सिनेमा रोड स्थित काली मंदिर के पास मंगलवार को एक सुनियोजित तरीके से चोरी की घटना सामने आई है। कुचायकोट थाना क्षेत्र के कोन्हवा डूमरिया गांव निवासी मनीष कुमार अपने बहनोई अमन कुमार और बहन के साथ कार से शहर में खरीदारी कर लौट रहे थे। आंबेडकर चौक से बंजारी की ओर जाते समय काली स्थान के समीप दो बाइक सवार उचक्कों ने उनकी कार पर मोबिल गिरा दिया और तेज आवाज देकर कहा कि इंजन से तेल गिर रहा है।

चालक और उसके साथ बैठे लोग कार रोककर नीचे उतरे और इंजन की जांच करने लगे। इसी दौरान उचक्कों ने कार का दरवाजा खोलकर भीतर रखा पर्स उठा लिया और तेजी से फरार हो गए। पर्स में सोने की अंगूठी, एक मोबाइल फोन और आठ हजार रुपये नकद मौजूद थे।

घटना के बाद पीड़ित मनीष कुमार अपनी बहन और बहनोई के साथ नगर थाना पहुंचे और लिखित आवेदन दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को कुछ संदिग्ध बाइक सवारों की तस्वीरें मिली हैं, जिनकी पहचान की जा रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह की घटनाओं में अनजान लोगों की बातों में न आएं और संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।