गोपालगंज।

बरौली थाना क्षेत्र के सलोना गांव के समीप बुधवार को एनएच-27 पर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया। वहीं ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, बरौली थाना क्षेत्र के बरतदेह गांव निवासी शशिकांत श्रीवास्तव के पुत्र सोनू कुमार बाइक से बरौली बाजार जा रहे थे। इसी दौरान सलोना गांव के पास एनएच-27 पर अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और एक पैर टूट गया।

हादसे के बाद आसपास के लोगों ने घायल युवक को पहले बरौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से स्थिति गंभीर देखते हुए उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार ट्रक चालक की पहचान करने में जुटी हुई है।