गोपालगंज। जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के धनखड़ गांव में शुक्रवार को बाइक से धक्का लगने के आरोप को लेकर हुए विवाद में पिता-पुत्र सहित तीन लोगों की मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायलों का इलाज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार मांझागढ़ थाना क्षेत्र निवासी मिट्ठू यादव का पुत्र रविंद्र यादव बाइक से बाजार जा रहा था। धनखड़ गांव के पास कुछ युवक क्रिकेट खेल रहे थे, इसी दौरान एक लड़का रविंद्र की बाइक से टकरा गया और घायल हो गया। इसके बाद मौके पर मौजूद युवकों और उनके परिजनों ने रविंद्र को बाइक सहित पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की।

घायल अवस्था में रविंद्र जब घर पहुंचा और परिजनों को घटना बताई, तो उसके पिता मिट्ठू यादव और चचेरे भाई गोलू यादव पूछताछ के लिए मौके पर पहुंचे। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने उन पर भी लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। तीनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। रविंद्र यादव ने आरोप लगाया है कि हमलावर उसकी सोने की चेन, घड़ी, नकदी और बाइक भी अपने पास रख लिए हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।