गोपालगंज। राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से शहर के कमला राय कॉलेज में कार्यशाला सह सम्मान समारोह एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कॉलेज सभागार में हुए कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, बाल विकास और स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों ने विचार रखे।

“समृद्ध एवं विकसित बिहार का आधार: सुरक्षित बचपन, सशक्त नारी” विषय पर आधारित यह कार्यक्रम सात सत्रों में आयोजित हुआ। सत्रों में विकसित बिहार में महिला एवं बाल विकास की भूमिका, साइबर सुरक्षा एवं सतर्कता, माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, महिला उद्यमिता के अनुभव, महिलाओं के लिए बुनियादी कानूनी जानकारी, निगम की योजनाएं तथा एनीमिया जांच कैंप शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज से संबद्ध पांच उत्कृष्ट छात्राओं को सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत लिंगानुपात सुधार, बालिकाओं के पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उप विकास आयुक्त गौरव कुमार ने महिला उद्यमशीलता और स्टार्टअप को बढ़ावा देने पर जोर दिया। वहीं डीपीओ रंजना कुमारी ने मानव विकास सूचकांक सुधार के लिए महिला एवं बाल विकास को प्राथमिकता देने और बाल विवाह व एनीमिया जैसी चुनौतियों से सामूहिक प्रयास की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम में निगम की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं अधिकारी उपस्थित रहे।