होली पर्व को शांतिपूर्ण और नशामुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए बिहार उत्पाद विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। शराब तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से विभाग ने विशेष अभियान शुरू करते हुए उत्तर प्रदेश से सटी सभी सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी है। सीमावर्ती इलाकों के प्रमुख चेक पोस्टों पर 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था की गई है।
उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार ने बताया कि होली के दौरान अवैध शराब की तस्करी की आशंका को देखते हुए विशेष रणनीति तैयार की गई है। यूपी सीमा से गोपालगंज में प्रवेश करने वाले सभी मुख्य और ग्रामीण मार्गों पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
उन्होंने बताया कि त्वरित कार्रवाई के लिए क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) का भी गठन किया गया है। यह टीम बाइक से लगातार गश्त करते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर निगरानी रखेगी। किसी भी सूचना पर टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी। सभी विभागीय अधिकारियों को अलर्ट मोड में रखा गया है और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है।
उत्पाद अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि होली पर्व के दौरान किसी भी सूरत में अवैध शराब की बिक्री या तस्करी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं अवैध शराब की तस्करी या बिक्री की सूचना मिले तो तुरंत उत्पाद विभाग या पुलिस को जानकारी दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। प्रशासन का उद्देश्य है कि होली का त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया जा सके।
