गोपालगंज, 20 फरवरी 2026। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग, गोपालगंज के तत्वावधान में गुरुवार को समाहरणालय परिसर में मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण छत्र (संबल) योजना के अंतर्गत एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने 47 दिव्यांगजनों को बैट्री चालित ट्राई साइकिल प्रदान की और उन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना और उनके दैनिक जीवन को अधिक सुगम व सम्मानजनक बनाना रहा। बैट्री चालित ट्राई साइकिल मिलने से लाभुकों को आवागमन में सुविधा होगी, जिससे वे अपने दैनिक कार्य स्वतंत्र रूप से कर सकेंगे और सामाजिक व आर्थिक गतिविधियों में बेहतर भागीदारी निभा सकेंगे।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण छत्र (संबल) योजना दिव्यांगजनों के जीवन स्तर को सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग का समावेशी विकास सरकार की प्राथमिकता है और दिव्यांगजनों को सशक्त बनाना उसी का अहम हिस्सा है।

जिला पदाधिकारी ने लाभार्थियों से अपील की कि वे इन संसाधनों का उपयोग अपने जीवन को बेहतर बनाने और आत्मनिर्भर बनने के लिए करें। साथ ही संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया कि भविष्य में भी पात्र दिव्यांगजनों की पहचान कर उन्हें योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।