रुद्रपुर (देवरिया)। थाना रुद्रपुर पुलिस ने पाक्सो एक्ट से जुड़े एक मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान डाला गांव निवासी बब्बी साहनी पुत्र व्यास साहनी के रूप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनन्द कुमार पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर हरिराम यादव के पर्यवेक्षण में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सेमरौना पुल के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

बताया गया कि 1 फरवरी 2026 को पीड़िता के परिजन द्वारा थाना रुद्रपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया गया था कि 31 जनवरी 2026 को आरोपी नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। विवेचना के दौरान साक्ष्य मिलने पर संबंधित धाराएं बढ़ाई गईं।

इस मामले में थाना रुद्रपुर पुलिस ने 20 फरवरी 2026 को पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया था। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है।