भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदा से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने के लिए गोपालगंज में 26 फरवरी को राज्य स्तरीय भूकंप मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) नई दिल्ली के सौजन्य से बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा प्रदेश के 23 जिलों में यह महा-अभ्यास कराया जा रहा है। इसी क्रम में गोपालगंज जिला प्रशासन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बड़े स्तर पर मॉक ड्रिल की तैयारी पूरी कर ली है।
जिला पदाधिकारी के निर्देश पर अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) और जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी की अध्यक्षता में संबंधित विभागों और हितधारकों के साथ बैठक कर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। बैठक में भूकंप की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और विभिन्न एजेंसियों के समन्वय की क्षमता को परखने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रशासन द्वारा मॉक ड्रिल के लिए जिले के पांच प्रमुख स्थानों को चिन्हित किया गया है, जिनमें वी.एम. हाई स्कूल, मॉडल अस्पताल गोपालगंज, समाहरणालय परिसर, जादोपुर ओवरफ्लाई के नीचे मोड़ के पास तथा ऑफिसर्स कॉलोनी शामिल हैं। इन सभी स्थानों पर आपदा की स्थिति का वास्तविक दृश्य तैयार कर राहत और बचाव कार्यों का अभ्यास कराया जाएगा।
यह मॉक ड्रिल 26 फरवरी 2026 को सुबह 8 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेगा। इस दौरान जादोपुर ओवरफ्लाई के नीचे यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है। सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक इस मार्ग को वन-वे घोषित किया गया है, ताकि राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास सुचारू रूप से किया जा सके।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि इस दौरान घबराने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि यह केवल एक अभ्यास है। मॉक ड्रिल का उद्देश्य लोगों को भूकंप जैसी आपदा के समय सतर्क रहने और सुरक्षित रहने के तरीकों की जानकारी देना है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जान-माल के नुकसान को कम किया जा सके।
