राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) और बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में 26 फरवरी को गोपालगंज जिले में राज्य स्तरीय भूकंप मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। इस अभ्यास के तहत जिले के पांच प्रमुख स्थानों पर भूकंप से बचाव और राहत कार्यों का अभ्यास किया जाएगा।

जिला प्रशासन के अनुसार इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य भूकंप जैसी आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की जांच करना और आम लोगों को जागरूक करना है। इसे लेकर अपर समाहर्ता और जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक रणनीति तय की है।

प्रशासन द्वारा वी.एम. हाई स्कूल, मॉडल अस्पताल गोपालगंज, समाहरणालय परिसर, जादोपुर ओवरफ्लाई के नीचे मोड़ के पास तथा ऑफिसर्स कॉलोनी को मॉक ड्रिल के लिए चिन्हित किया गया है।

यह अभ्यास सुबह 8 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेगा। इस दौरान जादोपुर ओवरफ्लाई के नीचे सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक यातायात को वन-वे किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मॉक ड्रिल के दौरान घबराएं नहीं, यह केवल एक अभ्यास है जिसका उद्देश्य आपदा के समय बचाव के तरीकों की जानकारी देना है।