गोपालगंज जिले के पंचदेवरी प्रखंड अंतर्गत कुईसा खुर्द पंचायत भवन में रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विधिक योजनाओं एवं सामाजिक मुद्दों पर ग्रामीणों को विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों के साथ पंचायत प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान नालसा योजना 2015 के तहत बच्चों को मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं और उनके संरक्षण से संबंधित जानकारी दी गई। साथ ही नालसा आशा योजना 2025, बाल विवाह मुक्त भारत कार्यक्रम, राष्ट्रीय लोक अदालत, सुप्रीम कोर्ट मिडिल इनकम ग्रुप लीगल एड स्कीम, वीर परिवार सहायता योजना तथा मेडिएशन फॉर नेशन 2.0 जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार गोपालगंज के पैनल अधिवक्ता संजय कुमार द्विवेदी तथा पीएलवी शैलेश कुमार सैनी की टीम ने प्रतिभागियों को बच्चों के साथ मैत्रीपूर्ण व्यवहार, बाल संरक्षण के उपाय, बाल श्रम, बाल विवाह, बाल तस्करी, शिक्षा का अधिकार अधिनियम तथा यौन उत्पीड़न से संबंधित कानूनों के बारे में जागरूक किया।

कार्यक्रम में आगामी 14 मार्च 2026 को व्यवहार न्यायालय परिसर गोपालगंज में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी जानकारी दी गई। इसमें बैंक ऋण वाद, पारिवारिक वाद, सुलहनीय आपराधिक वाद, श्रम वाद तथा अन्य मामलों को आपसी समझौते के आधार पर निपटाने की प्रक्रिया के बारे में बताया गया तथा लोगों को संबंधित न्यायालय अथवा लोक अदालत कार्यालय से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।

विधिक टीम ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि बाल विवाह कानूनन अपराध है और इसे रोकना समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। लोगों को बाल विवाह की सूचना मिलने पर टोल फ्री नंबर 1098 और 15100 पर तुरंत जानकारी देने की अपील की गई।

कार्यक्रम के दौरान मुफ्त विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों के बीच जिला विधिक सेवा प्राधिकार तथा केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से संबंधित हैंडबिल वितरित किए गए।

कार्यक्रम में स्थानीय पंचायत के मुखिया, सरपंच, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।