देवरिया जिले में अपराधियों और शराब तस्करों पर कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत खामपार थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। रविवार को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के दौरान पुलिस ने एक चारपहिया वाहन से करीब 60 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी अंशुमन श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में खामपार थाना पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम छपिया मोड़ से आगे निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध चारपहिया वाहन को रोका।

तलाशी के दौरान वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट बीआर 01 एफबी 4026 लगी मिली। साथ ही एक जोड़ी सही नंबर प्लेट बीआर 01 बीएफ 0426 भी बरामद की गई। वाहन की तलाशी लेने पर सात पेटी में रखे 336 पाउच अंग्रेजी शराब बरामद किए गए। बरामद शराब 8 पीएम ब्रांड की थी, जिसमें प्रत्येक पाउच 180 एमएल का था। कुल बरामद शराब की मात्रा 60.48 लीटर बताई गई है।

पुलिस ने मौके से गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के जिगना जगरनाथ टोला राजघाट निवासी गोविंदा कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ खामपार थाना में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में शराब तस्करी और अपराध पर नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।