गोपालगंज में जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओम प्रकाश गर्ग के नेतृत्व में आयोजित “आपन फगुआ महोत्सव” सह होली मिलन समारोह सामाजिक समरसता और भाईचारे का अनुपम उदाहरण बन गया। कार्यक्रम में सभी जाति और धर्म के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे उत्साह के साथ पर्व मनाया।
समारोह को संबोधित करते हुए ओम प्रकाश गर्ग ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने और समाज में प्रेम, एकता तथा सद्भाव का संदेश देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को आपसी भाईचारे और सौहार्द की सबसे अधिक जरूरत है, और ऐसे आयोजन सामाजिक एकता को मजबूती प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं, प्रखंड व पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में आम नागरिकों की उपस्थिति रही। सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। पारंपरिक लोकगीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को और भी रंगीन बना दिया।
पूरे आयोजन के दौरान आपसी प्रेम, सम्मान और सामूहिक उत्सव की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली। “आपन फगुआ महोत्सव” ने यह संदेश दिया कि विविधता में ही हमारी शक्ति निहित है और मिल-जुलकर ही समाज और राष्ट्र को सशक्त बनाया जा सकता है।
