होली पर्व को देखते हुए जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रखा गया है। इसी क्रम में मंगलवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. चंद्रप्रकाश ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर इमरजेंसी वार्ड, महिला मेडिकोलीगल कक्ष और पोस्टमार्टम हाउस का निरीक्षण किया तथा स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए।

सुबह करीब 11 बजे मेडिकल कॉलेज पहुंचे सीएमओ ने इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान वहां डॉ. मनीष मिश्र, फार्मासिस्ट अरविंद शर्मा समेत सभी स्वास्थ्य कर्मी मौजूद मिले। सीएमओ ने बताया कि होली के मद्देनजर इमरजेंसी में एक शिफ्ट में तीन-तीन चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है। दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है और सभी आवश्यक उपकरणों को क्रियाशील रखा गया है।

उन्होंने बताया कि इमरजेंसी वार्ड में 16 बेड की व्यवस्था की गई है तथा ऑक्सीजन की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों का तत्काल इलाज किया जा सके।

सीएमओ ने 108 एंबुलेंस सेवा के नोडल अधिकारी को निर्देश दिया कि एंबुलेंस में मौजूद सभी उपकरणों को सक्रिय रखें और स्टाफ को अलर्ट मोड में रखा जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर कम समय में मौके पर पहुंचा जा सके।

निरीक्षण के दौरान सीएमएस डॉ. दिलीप कुमार और मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुबाष गुप्ता भी मौजूद रहे। वहीं अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसएन त्रिपाठी ने दुदही और कुबेर स्थान सीएचसी का निरीक्षण कर इमरजेंसी ड्यूटी में लगे चिकित्सकों और स्टाफ को सतर्क रहने के निर्देश दिए।