देवरिया जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना लार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 105 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में मंगलवार सुबह पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बोलेरो पिकअप वाहन से भारी मात्रा में शराब बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने सुतावर मोड़ के पास वाहन को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान वाहन से 49 पेटी आफिसर च्वाइस, 49 पेटी एटपीएम, 2 पेटी मैक डावल्स और 5 पेटी ओल्ड मांक शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा करीब 907 लीटर बताई जा रही है।

मौके से पुलिस ने प्रदीप कुमार निवासी थाना खुखुंदू और नीरज पासवान निवासी थाना कोतवाली, देवरिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बोलेरो पिकअप वाहन और बरामद शराब को कब्जे में लेकर थाना लार में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक परवेज आलम समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्य भी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अभियान आगे भी जारी रहेगा।