देवरिया जिले के भटनी क्षेत्र के खोरीबारी गांव में करीब 1 करोड़ 21 लाख 87 हजार रुपये की लागत से बने कृषि कल्याण भवन का रविवार को कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को आधुनिक तकनीक और विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। कृषि कल्याण भवन बनने से किसानों को एक ही स्थान पर कई प्रकार की सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें विभागीय कार्यों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने कहा कि इस भवन के बनने से क्षेत्र के किसानों को कृषि योजनाओं और खेती से जुड़ी सलाह के लिए देवरिया शहर नहीं जाना पड़ेगा। इससे किसानों को काफी सुविधा मिलेगी।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री का किसानों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। खोरीबारी के किसान मुन्ना राय ने बताया कि भटनी में कृषि कल्याण भवन का निर्माण जमीन नहीं मिलने के कारण काफी समय से लंबित था। सितंबर 2025 में खोरीबारी में जमीन उपलब्ध होने के बाद इसका निर्माण कार्य शुरू हुआ।
इस मौके पर मंडल अध्यक्ष रोहित मिश्र, चेयरमैन विजय कुमार गुप्त, अजीत सिंह, रमेश चंद्र वर्मा और सत्य प्रकाश श्रीवास्तव सहित कई लोग उपस्थित रहे।
