देवरिया जिले से साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां स्टॉक मार्केट में निवेश का झांसा देकर एक युवक से करीब 42 लाख रुपये ठग लिए गए।

जानकारी के मुताबिक, बरियारपुर निवासी सुधांशु के मोबाइल पर 30 जनवरी को एक मैसेज आया, जिसके बाद उसे एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ लिया गया। ग्रुप में खुद को पीयूष शर्मा बताने वाले शख्स ने स्टॉक मार्केट में ट्रेनिंग देने का दावा किया और धीरे-धीरे युवक का भरोसा जीत लिया।

इसके बाद उसे एएलयूए इन नाम के एक फर्जी एप के जरिए निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया। शुरुआत में युवक ने करीब 8 लाख रुपये जमा किए, जिसे एप पर बढ़कर 26 लाख रुपये दिखाया गया।

लालच बढ़ाते हुए ठगों ने आईपीओ में निवेश का झांसा दिया और अलग-अलग चरणों में कुल 42 लाख रुपये जमा करा लिए। जब युवक पैसे निकालने में असफल रहा, तब उसे ठगी का एहसास हुआ।

यहां तक कि ठगों ने उसे मुंबई बुलाने के लिए फर्जी हवाई टिकट भी भेजा।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।