गोपालगंज जिले की बरौली थाना पुलिस ने फरार अभियुक्त के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए हरियाणा के पानीपत में उसके घर पर इश्तेहार चस्पा किया है। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश के आलोक में पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के निर्देश पर की गई।
थानाध्यक्ष अल्का सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम हरियाणा के पानीपत जिले पहुंची, जहां थाना किला क्षेत्र अंतर्गत अशोक बिहार मेन रोड, काबुल बाग स्थित नईम के आवास पर विधिवत इश्तेहार चिपकाया गया। पुलिस के अनुसार, नईम शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क से जुड़ा हुआ है और बिहार में अवैध शराब आपूर्ति में उसकी अहम भूमिका रही है।
जांच के दौरान नईम का नाम सामने आने के बाद उसे मामले में अभियुक्त बनाया गया था। पुलिस ने कई बार उसकी गिरफ्तारी की कोशिश की, लेकिन वह लगातार फरार रहा। इसके बाद न्यायालय से आदेश प्राप्त कर उसके घर पर इश्तेहार चस्पा किया गया, ताकि उसे जल्द आत्मसमर्पण के लिए बाध्य किया जा सके।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी निर्धारित समय के भीतर आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो उसके खिलाफ कुर्की-जब्ती जैसी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
