देवरिया जनपद के बरहज तहसील क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में एक विवाद ने अचानक गंभीर रूप ले लिया, जब एक अधिवक्ता की मौके पर ही दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और आक्रोश का माहौल बन गया है।
बताया जा रहा है कि गांव में चक नाली को लेकर विवाद चल रहा था, जिसकी शिकायत अधिवक्ता विजेंद्र सिंह द्वारा की गई थी। इसी मामले को लेकर आज ग्राम प्रधान राजेश यादव और उप जिलाधिकारी विपिन द्विवेदी मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि बातचीत के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और अधिवक्ता को धमकाया गया।
परिजनों का आरोप है कि धमकी और दबाव के कारण अधिवक्ता को सदमा लगा, जिससे उन्हें हार्ट अटैक आया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया।
गुस्साए परिजनों ने बरहज तहसील परिसर में शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजन लगातार प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ती जा रही है। परिजनों ने साफ कहा है कि जब तक जिलाधिकारी मौके पर नहीं आतीं और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे प्रदर्शन जारी रखेंगे।
