गोपालगंज जिले में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में रविवार को पंचदेवरी प्रखंड के मगहिया पंचायत भवन परिसर में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और ग्रामीणों को विभिन्न कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ता संजय कुमार द्विवेदी और पीएलवी शंभू मिश्रा की टीम ने नालसा (वरिष्ठ नागरिकों के लिए विधिक सेवाएं) योजना 2016, माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम 2007 सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
अधिवक्ता ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार द्वारा कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ पात्र व्यक्ति आसानी से ले सकते हैं। साथ ही हेल्पलाइन नंबर 14567 और जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय से संपर्क करने के तरीकों की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत लोगों को जागरूक किया गया और बताया गया कि बाल विवाह एक दंडनीय अपराध है। इसकी सूचना तुरंत 1098 और 15100 जैसे हेल्पलाइन नंबरों पर देने की अपील की गई।
इसके अलावा, मुफ्त विधिक सहायता और पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
