देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र में हुई हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल भी बरामद किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनन्द कुमार पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आदित्य सिंह उर्फ शिवम सिंह और राकेश कुमार गौड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तरकुलवा-रामपुर कारखाना पटनवा पुल मार्ग से दोनों को पकड़ा। तलाशी के दौरान आदित्य सिंह के पास से घटना में प्रयुक्त चाकू और राकेश गौड़ के पास से नाजायज चाकू बरामद किया गया। साथ ही एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
बताया जा रहा है कि 4 अप्रैल को वादिनी की पुत्री की चाकू से हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद 5 अप्रैल को मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार प्रधान सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अब आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।
