देवरिया जिले के बनकटा थाना क्षेत्र में चोरी की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देश पर किया गया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त मनीष सिंह, निवासी अहिरौली बघेल, को मुखबिर की सूचना पर जोगीवीर बाबा बरगद के पास से पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी के कुल 3,525 रुपये, एक टूटा हुआ सीसीटीवी कैमरा और बड़ी मात्रा में किराना सामान बरामद किया गया। बरामद सामान में बिस्किट के 96 पैकेट, सोयाबीन तेल की 5 बोतल, नमकीन, चायपत्ती और मसाले शामिल हैं।

घटना 7 अप्रैल की रात की है, जब आरोपी ने एक किराना दुकान का कटरैन तोड़कर अंदर घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अगले दिन दुकान मालिक अरविंद कुमार सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान हुई और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में संबंधित धाराओं के साथ अतिरिक्त धारा जोड़ते हुए विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गौरतलब है कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिससे उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि सामने आई है। पुलिस टीम की इस सफलता को जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।