गोपालगंज जिले के मांझागढ़ प्रखंड में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित अंबेडकर चौक पर जनता दल यूनाइटेड के जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार पटेल की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर की गई। इस दौरान वक्ताओं ने उनके विचारों और संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों पर प्रकाश डाला। जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार पटेल ने कहा कि बाबा साहेब का संदेश “शिक्षित बनो, संघर्ष करो और संगठित रहो” आज भी समाज के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
इस मौके पर कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें डॉ. अमर कुमार, साहेबजाद अली, उमाशंकर शर्मा, दुर्गा प्रसाद गौड़, चंद्रिका प्रसाद कुशवाहा, योगेंद्र राम, मुकेश प्रसाद सिंह, धर्मेंद्र कुमार सिंह, सुरेश राम समेत सैकड़ों लोग शामिल थे।
वहीं दूसरी ओर मांझागढ़ बाजार से करणपुरा, वृत्ति टोला, लंगतु हाता और पुरानी बस्ती होते हुए एक भव्य झांकी निकाली गई। इस जुलूस में सैकड़ों युवाओं ने भाग लिया और “बाबा साहेब अमर रहे” के नारों से माहौल गूंज उठा।
डीजे की धुन पर युवक झूमते नजर आए और पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखने को मिला। इस आयोजन ने सामाजिक एकता और जागरूकता का संदेश दिया।
