गोपालगंज जिले में गुरुवार को रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां उचकागांव थाना क्षेत्र के पिपरहिया गांव के पास एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दो महिलाएं भी शामिल हैं, जिससे घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घायलों की पहचान बरारी जगदीश गांव निवासी अली शेर की पत्नी नजमा खातून, पड़ोसी अरमान अली और शकीना खातून के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर अपने घर से किसी काम से निकले थे।

इसी दौरान पिपरहिया गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल उचकागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मॉडल सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इमरजेंसी वार्ड में उनका इलाज जारी है।

इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता को उजागर कर दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।