मांझागढ़ प्रखंड में सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पैक्स चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया। इस दौरान आदमापुर, मांझा पूर्वी और देवापुर पैक्स में मतदान हुआ, जहां मतदाताओं ने बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखने को मिलीं। किसानों ने अपने हितों को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान किया। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे।

चुनाव के दौरान नियुक्त मजिस्ट्रेट और डीपीआरओ प्रदीप कुमार लगातार बूथों का निरीक्षण करते रहे। उन्होंने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और यह सुनिश्चित किया कि किसी भी मतदाता को कोई परेशानी न हो। सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही, जिससे मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

समाचार संकलन तक करीब 60 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अधिकारियों का मानना है कि यह प्रतिशत और बढ़ सकता है।

गौरतलब है कि कृषि साख सोसाइटी समिति के तहत स्थापित पैक्स में हर पांच वर्ष पर अध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्य के लिए चुनाव कराए जाते हैं। निर्वाचित अध्यक्ष किसानों के उत्पादित अनाज की खरीद, खाद उपलब्ध कराने, सहकारी बैंक के माध्यम से ऋण दिलाने और फसल बीमा जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते हैं।

इस चुनाव को लेकर किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।