गोपालगंज।
कुचायकोट प्रखंड के विनोद मटिहनिया शनिचरी बाजार में सहकारिता विभाग, बिहार सरकार द्वारा रौशनी ग्रुप कला जत्था, बिहटा पटना के सहयोग से किसान सहकारी चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से किसानों और ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया।
नाटक के जरिए किसानों को बताया गया कि पैक्स (PACS) से जुड़कर वे खाद-बीज, पशुपालन, लोन सहित 300 प्रकार के लाभ ले सकते हैं। साथ ही, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएँ जैसे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, पशुपालन, बकरी पालन तथा अपनी फसल को उचित स्थान और उचित मूल्य पर बेचने संबंधी सुविधाओं की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का संचालन कुचायकोट बीसीओ आनंद रंजन मृत्युंजय कुमार तिवारी के नेतृत्व में हुआ। प्रस्तुति देने वालों में सवा अहमद, सना खान, रजनीश आर्यन, राहुल कुमार, गणेश कुमार, सामिया परवीन, रिया कुमारी और ज्योति कुमारी सहित कई कलाकार शामिल रहे।
इस मौके पर पूर्व मुखिया पशुपतिनाथ तिवारी, बड़कू तिवारी, धर्मेंद्र कुमार तिवारी, महावीर साह, अजय तिवारी, धनंजय कुमार दुबे, बुलेट कुमार, भूपेंद्र तिवारी, रामु तिवारी और राजू तिवारी समेत बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने इस आयोजन की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को योजनाओं की सही जानकारी मिलती है, जिससे वे लाभान्वित हो सकते हैं।
